विजय साहू/संवाददाता
कसडोल। क्षेत्र में बीते दो दिनों से लगातार हो रही तेज आंधी-तूफान और बारिश का असर जनजीवन के साथ-साथ शासकीय भवनों पर भी देखने को मिला। नगर स्थित शासकीय शराब दुकान के ऊपर लगा टिन का छप्पर तेज हवा के चलते टूटकर पास के खेत में जा गिरा। घटना के दौरान दुकान में कार्यरत कर्मचारियों को मामूली चोटें आईं, हालांकि किसी प्रकार की बड़ी जनहानि नहीं हुई।

घटना की जानकारी मिलते ही आबकारी अधिकारी जेलेश सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए, जिसके बाद विभाग द्वारा कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार एक से दो दिनों के भीतर शराब दुकान के क्षतिग्रस्त छप्पर को पुनः व्यवस्थित कर दिया जाएगा।
लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं के कारण छत क्षतिग्रस्त होने से दुकान के अंदर पानी भरने जैसी स्थिति भी बनी रही, जिससे कर्मचारियों को काम करने में परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद आबकारी विभाग द्वारा जिम्मेदारीपूर्वक व्यवस्था संभालते हुए सुधार कार्य तेजी से कराया जा रहा है।

गौरतलब है कि तेज आंधी-तूफान के चलते कसडोल नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में कई पेड़ सड़कों पर गिर गए, वहीं कई स्थानों पर बिजली के पोल भी क्षतिग्रस्त हुए। अचानक आए इस मौसम परिवर्तन से लोग भयभीत नजर आए। फिलहाल प्रशासन और संबंधित विभाग स्थिति को सामान्य करने में जुटे हुए हैं।




