गोवर्धन यदु
तिल्दा नेवरा। ग्राम चकचकी, बागबाहरा निवासी स्वर्गीय भुनेश्वर यादव की निर्मम हत्या के मामले में यादव समाज ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई है। अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा, महासमुंद के पदाधिकारियों ने हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों को फांसी की सजा देने तथा पीड़ित परिवार को 1 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।

जिलाध्यक्ष विनोद यादव एवं वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष राम आसरे यादव के नेतृत्व में समाज के प्रतिनिधिमंडल ने जिला कार्यालय महासमुंद पहुंचकर कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के माध्यम से महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि भुनेश्वर यादव एक अत्यंत गरीब परिवार से थे और उनकी हत्या के बाद परिवार गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहा है।

यादव समाज ने मांग की है कि आरोपियों को कठोरतम दंड देकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए, ताकि समाज में अपराधियों के मन में कानून का भय बना रहे। साथ ही छत्तीसगढ़ शासन से मृतक के आश्रित परिवार को 1 करोड़ रुपये की सहायता राशि प्रदान करने की भी मांग की गई है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान राम आसरे यादव, विनोद यादव, आम आदमी पार्टी के पूर्व विधायक प्रत्याशी संजय यादव, मंगधा यादव समाज के जिला अध्यक्ष शरद कुमार हंस, सुंदर यादव, मिलाप यादव, सतीश यादव, संजय यादव, सुरेश यादव, मनोहर यादव एवं राजकुमार यादव सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।




