हेमंत बघेल
बलौदाबाजार। जिले के सोनाखान चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम महकम में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक तेंदुआ गांव के एक घर की बाड़ी में घुस गया। जानकारी के अनुसार तेंदुआ ग्राम महकम निवासी सुनील साहू की बाड़ी में देखा गया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया।
तेंदुए के दिखाई देने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सुरक्षा की दृष्टि से लोगों को तेंदुए के पास जाने से रोका जा रहा है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

सूचना मिलते ही वन विभाग को इसकी जानकारी दे दी गई है। बताया जा रहा है कि वन विभाग की रेस्क्यू टीम कुछ ही देर में मौके पर पहुंचने वाली है, जो तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल की ओर छोड़ने की कार्रवाई करेगी।
फिलहाल पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है और ग्रामीण वन विभाग की टीम के पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और तेंदुए से सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
मामला सोनाखान चौकी क्षेत्र के ग्राम महकम का है। वन विभाग की टीम के पहुंचने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।




