हेमंत बघेल
कसडोल। नगर पंचायत कसडोल द्वारा मुख्य मार्गों पर संचालित रेडी-ठेला एवं छोटे व्यवसायियों को अतिक्रमण हटाने संबंधी नोटिस जारी किए जाने के विरोध में आंदोलन तेज हो गया है। जिला युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष विमल अजय सोमवार से नगर पंचायत कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं।

जानकारी के अनुसार नगर पंचायत के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) मनीष वारे द्वारा 19 जून 2026 को नगर के विभिन्न स्थानों पर रेडी-ठेला लगाकर व्यवसाय करने वाले लोगों को अतिक्रमण हटाने की नोटिस जारी की गई थी। नोटिस के विरोध में नगर के छोटे दुकानदार, ठेला एवं फेरी व्यवसायी एकजुट होकर सोमवार को बड़ी संख्या में एकत्रित हुए।

प्रदेश युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष मानस पांडे के नेतृत्व में व्यवसायियों ने एसडीएम के नाम ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि जब तक रेडी-ठेला संचालकों के लिए नगर पंचायत द्वारा वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पर रोक लगाई जाए।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि अधिकांश परिवार वर्षों से ठेला एवं रेडी लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। यदि उन्हें बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के हटाया जाता है तो उनके सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि कार्रवाई से बेरोजगारी, आर्थिक तंगी एवं सामाजिक समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।

आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक भूख हड़ताल और आंदोलन जारी रहेगा। इस मामले पर सीएमओ मनीष वारे ने बताया कि वह टीएल मीटिंग पर हूं, मीटिंग होने के बाद फोन कर बुला लूंगा।




