रिपोर्टर36 न्यूज डेस्क | बिलासपुर |
पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) कार्यालय, बिलासपुर रेंज में मंगलवार को उप निरीक्षक (रीडर) रामकुमार पटेल और प्रधान आरक्षक विरेन्द्र कुमार शास्त्री के सेवानिवृत्त होने पर गरिमामयी विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आईजी राम गोपाल गर्ग ने दोनों अधिकारियों को श्रीफल, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया और उनके अनुशासित एवं उत्कृष्ट सेवाकाल की सराहना की।

आईजी श्री गर्ग ने कहा कि दोनों अधिकारियों ने पूरी निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ पुलिस विभाग की सेवा की है। उन्होंने विशेष रूप से उप निरीक्षक रामकुमार पटेल के बेदाग सेवाकाल और 300 से अधिक पुरस्कार प्राप्त करने की उपलब्धि को प्रेरणादायी बताते हुए उनके उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

42 वर्षों तक निभाया पुलिस सेवा का दायित्व
उप निरीक्षक रामकुमार पटेल ने मार्च 1984 में बिलासपुर जिले में आरक्षक के रूप में पुलिस सेवा शुरू की थी। इसके बाद वे प्रधान आरक्षक, सहायक उप निरीक्षक और वर्ष 2020 में उप निरीक्षक पद पर पदोन्नत हुए। उन्होंने जांजगीर, कवर्धा, कोरबा सहित विभिन्न जिलों में सेवाएं दीं और वर्ष 2023 से आईजी कार्यालय में रीडर के रूप में पदस्थ थे। उल्लेखनीय है कि पूरे सेवाकाल में उन्हें 300 से अधिक पुरस्कार मिले और कभी कोई विभागीय सजा नहीं मिली।
वहीं प्रधान आरक्षक विरेन्द्र कुमार शास्त्री ने 3 फरवरी 1994 को चालक के रूप में पुलिस विभाग में सेवा शुरू की। वर्ष 2016 में उन्हें प्रधान आरक्षक पद पर पदोन्नति मिली। उन्होंने मुंगेली और गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिलों में सेवाएं देने के बाद वर्ष 2021 से आईजी कार्यालय में अपनी जिम्मेदारियां निभाईं।
समारोह के दौरान उप पुलिस अधीक्षक विवेक शर्मा, निरीक्षक अशोक वैष्णव, निरीक्षक सरिता तिवारी, प्रधान आरक्षक ओम प्रकाश मिश्रा सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों सेवानिवृत्त अधिकारियों के सेवाकाल को याद करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में दोनों सेवानिवृत्त अधिकारियों ने सम्मान के लिए आईजी राम गोपाल गर्ग एवं समस्त स्टाफ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग से मिले अनुभव जीवनभर उनकी सबसे बड़ी पूंजी रहेंगे और आवश्यकता पड़ने पर वे विभाग की सेवा के लिए सदैव उपलब्ध रहेंगे।
कार्यक्रम के अंत में आईजी राम गोपाल गर्ग ने विशेष वाहन से दोनों अधिकारियों को उनके निवास के लिए सम्मानपूर्वक रवाना किया। इस भावुक पल में कार्यालय के सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच दोनों अधिकारियों को भावभीनी विदाई दी। कार्यक्रम का संचालन मुख्य लिपिक संजय रावत ने किया।




