हेमंत बघेल
कसडोल। बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस की आपातकालीन सेवा डायल 112 ने एक बार फिर अपनी त्वरित कार्रवाई से मानवता का परिचय दिया। थाना कसडोल क्षेत्र के बरघाट-असनींद मोड़ के पास हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल दो युवकों को डायल 112 की टीम ने तत्काल अस्पताल पहुंचाकर समय पर उपचार उपलब्ध कराया।

पुलिस के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 5:15 बजे डायल 112 को सूचना मिली कि बरघाट-असनींद मोड़ के पास एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। हादसे में बाइक सवार दो युवक
गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे पड़े थे।
सूचना मिलते ही डायल 112 (कसडोल बाज-01) में तैनात आरक्षक आशुतोष बंजारे एवं चालक नेतराम पटेल तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने देखा कि एक युवक बेहोश था, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल अवस्था में दर्द से तड़प रहा था।
दोनों घायलों सुरेंद्र तिवारी (निवासी कसडोल) और राकेश महंत (निवासी भोपाल, मध्य प्रदेश) को सावधानीपूर्वक डायल 112 वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कसडोल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार शुरू किया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को समय पर अस्पताल पहुंचाना सबसे बड़ी प्राथमिकता होती है। आरक्षक आशुतोष बंजारे और चालक नेतराम पटेल की तत्परता से दोनों घायलों को समय रहते चिकित्सा सहायता मिल सकी।
बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि मोड़ों पर वाहन की गति नियंत्रित रखें, यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल डायल 112 पर सूचना दें।




