हेमंत बघेल
कसडोल। क्षेत्र में बीते कई घंटों से लगातार हो रही झमाझम बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया है। बारिश से छोटे-बड़े नदी-नाले उफान पर हैं। इसी बीच कसडोल थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल तुरतुरिया (लव-कुश की जन्मस्थली) में बालमदेही नदी का जलस्तर अचानक बढ़ जाने से करीब 250 से अधिक श्रद्धालु और पर्यटक बाढ़ के बीच फंस गए।

सूचना मिलते ही कसडोल पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से नदी में फंसे सभी श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते की गई कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।
लगातार हो रही बारिश के चलते क्षेत्र के अधिकांश नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान उफनते नदी-नालों को पार करने का प्रयास न करें और धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर भी पूरी सावधानी बरतें।
फिलहाल क्षेत्र में बारिश का दौर जारी है, जिससे प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।




