हेमंत बघेल
गिधौरी ।थाना क्षेत्र में डायल-112 की त्वरित कार्रवाई से एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को समय पर इलाज मिल सका। गिधौरी-बरपाली मार्ग स्थित ग्राम सेमरा के पास मवेशी से टकराकर घायल हुए बाइक सवार को पुलिस टीम ने तत्काल अस्पताल पहुंचाकर मानवता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया।

जानकारी के अनुसार, 6 जुलाई 2026 की शाम करीब 7:30 बजे गिधौरी-बरपाली मार्ग पर एक बाइक सवार युवक आवारा मवेशी से टकराकर सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही थाना गिधौरी की डायल-112 टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

घटनास्थल पर पहुंचने पर डायल-112 में तैनात आरक्षक पल्लव सिंह और वाहन चालक बालेश्वर धीवर ने देखा कि युवक के चेहरे, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई थीं तथा वह दर्द से कराह रहा था। घायल की हालत को देखते हुए दोनों ने बिना समय गंवाए उसे एम्बुलेंस के माध्यम से बरपाली अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तत्काल उपचार शुरू किया।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने सराहना करते हुए कहा कि यदि समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया जाता तो घायल की स्थिति और गंभीर हो सकती थी।
बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि विशेषकर रात के समय वाहन चलाते समय गति नियंत्रित रखें और सड़क पर मौजूद आवारा मवेशियों से सतर्क रहें, ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके। सुरक्षित चलें, सुरक्षित रहें।




