रायपुर। रविवार को रायपुर में छत्तीसगढ़ सरपंच संघ की प्रदेश स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेशभर से आए सरपंच प्रतिनिधियों ने भाग लिया और संगठन को मजबूत बनाने सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

बैठक में सर्वसम्मति से कपिल देव नायक को छत्तीसगढ़ सरपंच संघ का नया प्रदेश अध्यक्ष चुना गया। उनके मनोनयन पर उपस्थित सदस्यों ने उन्हें बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में सरपंच संघ प्रदेश में नई दिशा और मजबूती के साथ कार्य करेगा।

बैठक में लोरमी सरपंच संघ के अध्यक्ष ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस दौरान उन्हें बैठक में अपने विचार रखने का अवसर मिला, जिसमें उन्होंने पंचायतों से जुड़े मुद्दों और सरपंचों के हितों को प्रभावी ढंग से उठाने की बात कही।
प्रदेश अध्यक्ष बनने पर कपिल देव नायक को विभिन्न जिलों से आए सरपंचों एवं पदाधिकारियों ने शुभकामनाएं दीं और संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प व्यक्त किया।




