हेमंत बघेल
जांजगीर-चांपा। सारागांव थाना पुलिस ने फार्म हाउस में चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया सामान, वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल और चोरी में इस्तेमाल किया गया सब्बल बरामद कर दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार प्रार्थी पवन राठौर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि एनएच-49 स्थित निर्माणाधीन पेट्रोल पंप के सामने बने उनके फार्म हाउस से सबमर्सिबल पंप, बिजली तार, रॉड कटर मशीन, सबमर्सिबल पैनल और प्लास्टिक चेयर सहित अन्य सामान चोरी हो गया है।
घटना की रात दो युवक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल में बोरी भरकर सामान ले जाते दिखाई दिए। संदेह होने पर उनका पीछा किया गया और सूचना मिलने पर सारागांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
जांच के दौरान फार्म हाउस के लोहे के दरवाजे की कुंडी टूटी मिली। मौके से पता चला कि करीब 20 हजार रुपये कीमत का सामान चोरी किया गया था। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उनके मेमोरेंडम कथन के आधार पर चोरी गया सामान, घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल और सब्बल बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपी
रमेश कुमार गोयल (29 वर्ष), निवासी मुरलीडीह कंजी, थाना मुलमुला
महेश गोयल (27 वर्ष), निवासी मुरलीडीह कंजी, थाना मुलमुला, जिला जांजगीर-चांपा
सारागांव थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सूर्यवंशी एवं उनकी टीम की त्वरित कार्रवाई से चोरी का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।




