हेमंत बघेल
भाटापारा। थाना भाटापारा ग्रामीण क्षेत्र के ग्राम खम्हरिया-अर्जुनी मेन रोड पर बुधवार दोपहर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा दोपहर करीब 2:15 बजे खम्हरिया चूना भट्टी के पास हुआ।

जानकारी के अनुसार, ग्राम भैंसापसरा निवासी गणेश राम कोसले (48 वर्ष) अपनी पत्नी रेवती कोसले को मोटरसाइकिल क्रमांक CG 22 W 1950 से ग्राम राजाढार से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ग्राम गोढ़ी निवासी मोहितराम वर्मा (40 वर्ष) की मोटरसाइकिल CG 04 DL 4885 से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक चालक गणेश राम कोसले और मोहितराम वर्मा के सिर व शरीर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गणेश राम की पत्नी रेवती कोसले के सिर और आंख के पास गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही भाटापारा ग्रामीण पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने दोनों मृतकों के संबंध में मर्ग क्रमांक 90/26 एवं 91/26 दर्ज कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।




