हेमंत बघेल
पलारी। छत्तीसगढ़ शासन की “सबको शिक्षा, अच्छी शिक्षा” की अवधारणा को साकार करते हुए शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय गबौद में शनिवार को वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ संकुल शैक्षिक समन्वयक संघ के प्रांताध्यक्ष श्री विक्रम राय ‘गुरुजी’ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ मिलकर पौधारोपण किया और सभी को “एक बच्चा, एक पेड़” का संकल्प दिलाते हुए पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर विक्रम राय ‘गुरुजी’ ने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों में प्रकृति के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक बच्चा एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल करे, तो आने वाले समय में हमारा प्रदेश और देश हरियाली से भर जाएगा।
कार्यक्रम में शिक्षिका श्रीमती पूनम दर्रो ने भी बच्चों को लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण के साथ-साथ उनका संरक्षण भी बेहद जरूरी है।
वृक्षारोपण के दौरान छात्र-छात्राओं ने “पेड़ लगाओ, पर्यावरण बचाओ” के नारे लगाए तथा कार्यक्रम के अंत में सभी ने मिलकर लगाए गए पौधों को पानी देकर उनकी देखभाल का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




