हेमंत बघेल
जांजगीर-चांपा। जिले के अकलतरा थाना पुलिस ने शासकीय प्राथमिक शाला संजय नगर से मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) योजना के लिए रखे गए 5 क्विंटल चावल की चोरी का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में चार विधि से संघर्षरत बालकों की संलिप्तता भी सामने आई है। पुलिस ने चोरी किया गया पूरा 5 क्विंटल चावल बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, मदर मेरी महिला स्व सहायता समूह की अध्यक्ष ने थाना अकलतरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके समूह द्वारा शासकीय प्राथमिक शाला संजय नगर में मध्याह्न भोजन योजना का संचालन किया जाता है। स्कूल के एक कमरे में सुरक्षित रखे गए चावल को 9 और 10 जुलाई 2026 की रात अज्ञात चोर ताला तोड़कर चोरी कर ले गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना अकलतरा पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़कर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया और बताया कि चोरी का चावल एक दुकान में बेच दिया गया है।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अनिल साहू (36 वर्ष), निवासी संजय नगर, अकलतरा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। वहीं, मामले में शामिल चारों विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा, उप निरीक्षक दिव्या कुर्रे, उप निरीक्षक आशीष गंधर्व, आरक्षक शेष नारायण साहू एवं महेंद्र राज की सराहनीय भूमिका रही।




