हेमंत बघेल
बलौदाबाजार। जिले के गिधौरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के ग्राम नवापारा धमलपुर के पास कसडोल-गिधौरी मार्ग पर भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। लगातार हो रही बारिश और घने अंधेरे के बीच एक खराब खड़े ट्रक को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों ट्रकों के केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और चालक अंदर फंस गए।

घटना की सूचना मिलते ही नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में थाना प्रभारी संदीप बंजारे, गिधौरी पुलिस, हाईवे पेट्रोलिंग एवं डायल-112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। प्रतिकूल मौसम के बावजूद पुलिस जवानों ने साहस और तत्परता का परिचय देते हुए क्षतिग्रस्त केबिन से फंसे चालकों को सुरक्षित बाहर निकाला।

हादसे में एक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
दुर्घटना के कारण दोनों ट्रक सड़क के बीच फंस गए थे, जिससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कई घंटों तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और सुबह तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद मार्ग को पूरी तरह यातायात के लिए बहाल कर दिया।

इस कठिन रेस्क्यू अभियान के दौरान गिधौरी पुलिस, हाईवे पेट्रोलिंग और डायल-112 की टीम ने लगातार मौके पर डटे रहकर राहत एवं बचाव कार्य किया। पुलिस की तत्परता और सूझबूझ की स्थानीय ग्रामीणों एवं राहगीरों ने सराहना की।




