हेमंत बघेल
जांजगीर-चांपा । जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा हटाने की बात को लेकर सरपंच पति पर फावड़े से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। घटना में प्रयुक्त फावड़ा भी जब्त कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम किरीत निवासी राजन पात्रे ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 14 जुलाई 2026 को वह सचिव के साथ तालाब ठेका संबंधी निविदा सूचना जारी कराने गया था। इसी दौरान गांव के संतोष साहू (52 वर्ष) से मुलाकात हुई। संतोष साहू द्वारा गोठान के पास सरकारी जमीन पर कथित अवैध कब्जा किए जाने तथा पंचायत द्वारा उसे तीन बार नोटिस जारी किए जाने की बात पर दोनों के बीच विवाद हो गया।
आरोप है कि गुस्से में संतोष साहू ने राजन पात्रे को गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और अपने पास रखे फावड़े से उसके सिर पर हमला कर दिया। हमले में राजन पात्रे गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे साथियों ने तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
घटना की सूचना पर नवागढ़ थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त फावड़ा भी बरामद कर जब्त कर लिया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय एवं नवागढ़ थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




