हेमंत बघेल
जांजगीर-चांपा। थाना चांपा पुलिस ने इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर वीडियो कॉल के दौरान महिला का अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर उसे वायरल करने और ब्लैकमेल करने वाले आरोपी को पश्चिम बंगाल के कोलकाता से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 25 मार्च 2026 को थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि करीब एक वर्ष पहले उसकी इंस्टाग्राम पर एक युवक से दोस्ती हुई थी। दोनों के बीच वीडियो कॉल पर बातचीत होती थी। इसी दौरान आरोपी ने महिला की जानकारी के बिना वीडियो रिकॉर्ड कर लिया और बाद में उसे वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा।
मामले में थाना चांपा में अपराध क्रमांक 127/26 के तहत धारा 67(ए) आईटी एक्ट एवं धारा 79 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान साइबर सेल की सहायता से आरोपी की लोकेशन का पता लगाया गया, जिसके बाद पुलिस टीम कोलकाता रवाना हुई।
पुलिस ने अमल रैन (19 वर्ष), पिता लाल मोहम्मद रैन, निवासी रविंद्र सारनी, थाना पोस्ता, जिला कोलकाता (पश्चिम बंगाल) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन जब्त किए गए। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव के मार्गदर्शन में उपनिरीक्षक सत्यम चौहान, प्रधान आरक्षक सुनील सिंह, आरक्षक ईश्वरी राठौर एवं थाना चांपा पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




