हेमंत बघेल
कसडोल। थाना क्षेत्र के ग्राम सुकदा (तुरतुरिया के पास) मुख्य मार्ग पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बाइक के सामने अचानक बकरी आ जाने पर उसे बचाने के प्रयास में मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई। हादसे में एक ही परिवार के तीन लोग घायल हो गए, जिनमें बाइक चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कसडोल पहुंचाकर भर्ती कराया।

सुबह करीब 11 बजे कंट्रोल रूम से सूचना मिलने पर डायल-112 में तैनात आरक्षक आशुतोष बंजारे और वाहन चालक नेतराम पटेल तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए। मौके पर पहुंचने पर तीन लोग घायल अवस्था में मिले। उनकी पहचान रामनारायण वर्मा (55 वर्ष), रेवती बाई वर्मा (50 वर्ष) तथा उनकी 14 वर्षीय बेटी के रूप में हुई। सभी ग्राम जंगलोर, थाना पलारी के निवासी हैं और अर्जुनी (बलदाकछार) स्थित एक परिचित के घर जा रहे थे।

हादसे में बाइक चालक रामनारायण वर्मा के सिर, कमर, पीठ, पैर और घुटने में गंभीर चोटें आईं। उनके दाहिने कंधे और दाहिने हाथ की कलाई में दो स्थानों पर फ्रैक्चर होने की जानकारी मिली है। वहीं उनकी पत्नी और बेटी को कमर, पीठ और हाथ में सामान्य चोटें आई हैं।

डायल-112 की टीम ने तीनों घायलों को सावधानीपूर्वक सरकारी वाहन से सीएचसी कसडोल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू किया। घायलों के पास परिजनों का मोबाइल नंबर नहीं होने के कारण पुलिस टीम ने ग्राम जंगलोर के सरपंच से संपर्क कर परिवार को हादसे की सूचना भी पहुंचाई।
डायल-112 की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता के चलते घायलों को समय पर उपचार मिल सका, जिसकी स्थानीय लोगों ने भी सराहना की।




