हेमंत बघेल
रायपुर। सरपंच महासंघ छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष कपिल देव नायक के नेतृत्व में महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा से उनके कार्यालय में सौजन्य मुलाकात की।

इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने ग्राम पंचायतों के सशक्तिकरण, पंचायत प्रतिनिधियों की समस्याओं, ग्रामीण विकास कार्यों में आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों तथा पंचायत व्यवस्था को अधिक प्रभावी और मजबूत बनाने से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुना और पंचायतों के हित में आवश्यक एवं सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्राम पंचायतों को सशक्त बनाने और ग्रामीण विकास को गति देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। साथ ही पंचायत प्रतिनिधियों के सहयोग से विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष कपिल देव नायक ने उपमुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि पंचायत प्रतिनिधियों की समस्याओं और सुझावों पर सकारात्मक निर्णय लिए जाएंगे, जिससे प्रदेश की ग्राम पंचायतों को मजबूती मिलेगी और ग्रामीण विकास को नई दिशा प्राप्त होगी।
इस अवसर पर सरपंच महासंघ छत्तीसगढ़ के अन्य पदाधिकारी एवं प्रतिनिधिगण भी उपस्थित रहे।




