हेमंत बघेल
बलौदाबाजार। जिले के थाना हथबंद पुलिस ने एक अनोखे चोरी के मामले का खुलासा करते हुए निर्माणाधीन हाई स्कूल में सुरक्षा में तैनात चौकीदार को ही चोरी का मास्टरमाइंड निकाला है। आरोपी ने अपने सगे भाई के साथ मिलकर छड़ काटने की मशीन चोरी की और पुलिस को गुमराह करने के लिए खुद ही अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी।

पुलिस के अनुसार, ग्राम खिलोरा निवासी जयनारायण घृतलहरे (46) ने 8 जुलाई को थाना हथबंद में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि निर्माणाधीन हाई स्कूल भवन से करीब ₹15 हजार कीमत की बुश कंपनी की छड़ काटने की मशीन चोरी हो गई है। रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिस्थितियों के आधार पर स्वयं फरियादी पर ही संदेह हुआ। पुलिस अधीक्षक गौरव राय (IPS) के निर्देशन में जब चौकीदार जयनारायण घृतलहरे और उसके भाई किशन कुमार घृतलहरे (30) से कड़ाई से पूछताछ की गई तो दोनों ने चोरी की पूरी साजिश कबूल कर ली।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने मिलकर मशीन चोरी की थी और संदेह से बचने के लिए जयनारायण ने खुद ही पुलिस में झूठी रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर चोरी गई मशीन बरामद कर ली गई है।
पुलिस ने दोनों सगे भाइयों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की है। इस कार्रवाई को हथबंद पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।




