एसपी विजय कुमार पाण्डेय का बड़ा एक्शन, अपहरण, चोरी, छेड़छाड़ और मारपीट जैसे मामलों की जांच लंबित रखने पर कार्रवाई
हेमंत बघेल
जांजगीर-चांपा। जिले के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) ने विवेचना कार्य में लापरवाही बरतने वाले उपनिरीक्षक भवानी सिंह चौहान के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र संबद्ध कर दिया है।

पुलिस के अनुसार, उपनिरीक्षक भवानी सिंह चौहान चौकी नैला, थाना जांजगीर में पदस्थ रहते हुए अपहरण, चोरी, छेड़छाड़ और मारपीट जैसे गंभीर मामलों की विवेचना कर रहे थे। आरोप है कि उन्होंने इन प्रकरणों की जांच लंबे समय तक बिना किसी ठोस कारण के लंबित रखी तथा विवेचना और प्रकरणों के निराकरण में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने इसे कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही मानते हुए तत्काल निलंबन की कार्रवाई की और उन्हें रक्षित केंद्र से संबद्ध कर दिया।
एसपी ने स्पष्ट किया है कि विवेचना कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही, उदासीनता या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लंबित मामलों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण कर पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी कर्तव्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




