हेमंत बघेल
बलौदाबाजार। जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत करने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक गौरव राय (IPS) ने जिलेवासियों से महत्वपूर्ण अपील की है। उन्होंने मकान मालिकों, होटल-लॉज संचालकों, व्यवसायियों, ग्राम प्रमुखों और आम नागरिकों से किराएदारों का सत्यापन अनिवार्य रूप से “समाधान ऐप” पर कराने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया है।

एसपी ने कहा कि बिना सत्यापन के किसी भी अनजान व्यक्ति को मकान या दुकान किराए पर न दें। सभी किराएदारों और पीजी की जानकारी समाधान ऐप में दर्ज करना अनिवार्य है। नियमों का पालन नहीं करने वाले मकान मालिकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र में बिना वैध पहचान पत्र के रहने वाले व्यक्ति या अवैध रूप से रह रहे विदेशी अथवा बांग्लादेशी नागरिक की जानकारी मिले, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस के टोल-फ्री नंबर 1800 233 1905 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस के अनुसार बिना सत्यापन के रह रहे संदिग्ध व्यक्तियों की मौजूदगी से चोरी, डकैती की रेकी, साइबर ठगी, महिलाओं से धोखाधड़ी, नशीले पदार्थों की तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे मामलों में नागरिकों की सतर्कता बेहद आवश्यक है।
एसपी गौरव राय ने यह भी कहा कि गांव, वार्ड या नगर में आने वाले अनजान फेरीवालों, कबाड़ियों, जड़ी-बूटी या अन्य सामान बेचने वालों की पहचान अवश्य करें। किसी भी प्रकार का संदेह होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।
एसपी ने अपने संदेश में कहा कि “पुलिस आपकी सुरक्षा के लिए 24 घंटे तत्पर है, लेकिन अपराध मुक्त और सुरक्षित समाज के निर्माण में जनता का सहयोग सबसे महत्वपूर्ण है। आपकी एक छोटी-सी जागरूकता किसी बड़े अपराध को होने से रोक सकती है।”




