हेमंत बघेल
जांजगीर-चांपा। अकलतरा थाना पुलिस ने युवती से छेड़छाड़, मारपीट और मोबाइल लूट की सनसनीखेज वारदात का चंद घंटों के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त होंडा साइन मोटरसाइकिल, लूटा गया मोबाइल फोन तथा वीडियो बनाने में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई कि वह अपने एक दोस्त के साथ अकलतरा क्षेत्र स्थित नहर के पास बैठकर बातचीत कर रही थी। इसी दौरान दो युवक वहां पहुंचे और दोनों का मोबाइल से वीडियो बनाने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए दोनों के साथ मारपीट की। इसके बाद युवती के साथ छेड़छाड़ कर उसका मोबाइल फोन लूट लिया और मौके से फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 417/2026 के तहत धारा 74, 296, 115(2), 309(1), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों की पहचान बीरू धीवर (30 वर्ष) एवं ओमकिशन उर्फ ओमी धीवर (20 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम खटोला, थाना अकलतरा, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में की। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त होंडा साइन मोटरसाइकिल, लूटा गया मोबाइल फोन तथा वीडियो बनाने में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन जब्त किए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक भास्कर शर्मा एवं थाना अकलतरा स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।




