हेमंत बघेल
जांजगीर-चांपा। यूको बैंक से ₹1 करोड़ का लोन दिलाने का झांसा देकर ₹10.87 लाख की ठगी करने वाले आरोपी को जांजगीर-चांपा पुलिस ने मध्यप्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी लोन स्वीकृति पत्र, बैंक के मोनो और फर्जी हस्ताक्षरों का इस्तेमाल कर लोगों को ठगता था।

पुलिस के अनुसार, चांपा के शिवनगर निवासी आशुतोष अग्रवाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2022 में अखबार के माध्यम से उनकी पहचान कुलदीप वशिष्ठ से हुई थी। आरोपी ने खुद को बैंकिंग कार्यों से जुड़ा बताते हुए यूको बैंक से ₹1 करोड़ का लोन स्वीकृत कराने का भरोसा दिलाया।
आरोपी ने पहले ₹5 लाख फिक्स डिपॉजिट और ₹5 से ₹6 लाख अन्य खर्च का हवाला देकर विभिन्न माध्यमों से रकम वसूल की। पीड़ित ने ₹1 लाख नकद, ₹25 हजार फोन-पे, ₹7 लाख आरटीजीएस और ₹2,54,285 ऑनलाइन किश्तों में भुगतान किया। इस तरह आरोपी ने कुल ₹10,87,285 की धोखाधड़ी की।
शिकायत के आधार पर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 259/25 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। साइबर तकनीकी की मदद से आरोपी की लोकेशन इंदौर (मध्यप्रदेश) में मिलने पर पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे ट्रांजिट रिमांड पर चांपा लाकर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
कुलदीप वशिष्ठ (41 वर्ष), वर्तमान निवासी महालक्ष्मी नगर, इंदौर (मध्यप्रदेश)।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन, ASP डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन तथा SDOP लौकेश बंसल के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव सहित थाना चांपा की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।










































