हेमंत बघेल
जांजगीर-चांपा। थाना सारागांव पुलिस ने तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए गुम हुई एक नाबालिग बालिका को सूचना मिलने के महज 5 घंटे के भीतर सकुशल खोजकर उसके परिजनों को सौंप दिया।

पुलिस के अनुसार, 2 अगस्त 2026 को थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सूर्यवंशी को क्षेत्र की एक नाबालिग बालिका के गुम होने की सूचना मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन में तत्काल खोजबीन अभियान शुरू किया गया।
सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे के नेतृत्व में थाना सारागांव पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित स्थानों पर रवाना की गईं। पुलिस ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए बालिका को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया।
आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद बालिका को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस की इस त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई की परिजनों ने सराहना की है।










































