हेमंत बघेल
जांजगीर-चांपा। जिला बदर किए जाने के बावजूद चांपा क्षेत्र में चोरी-छिपे रह रहे आदतन अपराधी फैजल खान को चांपा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ राज्य सुरक्षा अधिनियम की धारा 14 के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय के आदेश की अवहेलना करने पर कानूनी कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, फैजल खान निवासी बरपाली चौक, चांपा को जिला दण्डाधिकारी, जांजगीर-चांपा द्वारा एक वर्ष के लिए जांजगीर-चांपा, सक्ती, कोरबा, बिलासपुर, सारंगढ़-बिलाईगढ़, रायगढ़ और बलौदाबाजार जिलों की सीमाओं से जिला बदर किया गया था। इसके बावजूद वह आदेश का उल्लंघन करते हुए चांपा क्षेत्र में रह रहा था।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर चांपा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई कर कार्यपालिक दण्डाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव, एएसआई बलवंत घृत लहरे तथा आरक्षक श्याम राठौर, ईश्वरी राठौर और गौरी शंकर राय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।










































