हेमंत बघेल
बलौदाबाजार। जिले के लवन थाना क्षेत्र के ग्राम चितावर में गुरुवार शाम एक 24 वर्षीय युवती की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या किए जाने से सनसनी फैल गई। वारदात के बाद गांव में दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही लवन पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मामले में एक संदिग्ध युवक तक पहुंचने के लिए विशेष टीम गठित की है।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम चितावर निवासी शतरूपा ध्रुव (24) गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे घर के पीछे बाड़ी में बर्तन साफ करने गई थी। बताया जा रहा है कि उस समय वह घर में अकेली थी। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गले में गंभीर वार किए जाने से शतरूपा की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के समय मृतिका की मां समारिन बाई ध्रुव तालाब में नहाने गई थी। कुछ देर बाद जब वह घर लौटी तो शतरूपा दिखाई नहीं दी। तलाश करने पर कुएं के पास उसकी लहूलुहान हालत में लाश मिली। बेटी का शव देखकर मां चीख-पुकार करने लगी। इसके बाद ग्रामीणों और सरपंच प्रतिनिधि को घटना की जानकारी दी गई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही लवन पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए फॉरेंसिक टीम और वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की। शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लवन भेजा गया।

टोना-टोटका को लेकर विवाद का एंगल भी सामने आया
पुलिस की प्रारंभिक जांच में परिवार से जुड़े एक युवक पर संदेह जताया जा रहा है। बताया गया कि परिवार के एक सदस्य की पत्नी की पहले मृत्यु हो चुकी है और उसकी मृतिका की मां से कथित तौर पर टोना-टोटका को लेकर अक्सर विवाद होता था। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच विवाद होने की बात सामने आई है। इसी आधार पर पुलिस संदिग्ध युवक की तलाश में जुटी है।

सोने का लॉकेट गायब, चोरी की नीयत पर भी सवाल
मृतिका की मां ने पुलिस को बताया है कि शतरूपा ने सोने का लॉकेट पहना हुआ था, जो घटना के बाद उसके पास नहीं मिला। ऐसे में पुलिस के सामने एक और सवाल खड़ा हो गया है कि कहीं वारदात चोरी की नीयत से तो नहीं की गई? हालांकि अभी तक पुलिस ने हत्या के कारण की पुष्टि नहीं की है।
फिलहाल पुलिस चोरी, टोना-टोटका के शक और पुरानी रंजिश समेत अलग-अलग पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस संदिग्ध युवक तक पहुंचने के लिए टीम गठित कर चुकी है। आरोपी की गिरफ्तारी और हत्या के वास्तविक कारण का खुलासा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।










































