हेमंत बघेल
जांजगीर-चांपा। शादी का झांसा देकर युवती से अनाचार करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुरेंद्र राजभर पिता रामलाल राजभर, उम्र 24 वर्ष, निवासी आजमगढ़, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता की आरोपी सुरेंद्र राजभर से काम करने के दौरान जान-पहचान हुई थी। आरोपी ने पहले उससे दोस्ती की और बाद में नजदीकियां बढ़ाकर शादी करने का झांसा दिया। आरोप है कि पीड़िता के मना करने के बावजूद आरोपी ने उसके साथ अनाचार किया।

कुछ समय बाद पीड़िता अपने घर वापस आ गई। इसके बाद भी आरोपी जांजगीर-चांपा क्षेत्र में आया और पीड़िता को मिलने के बहाने बुलाकर शादी करने का झांसा देते हुए उसके साथ जबरन अनाचार किया। पीड़िता द्वारा शादी करने के लिए कहने पर आरोपी टालमटोल करने लगा और मोबाइल बंद कर उत्तर प्रदेश भाग गया।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पांडेय (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलेंडेन यॉर्क तथा CSP कोतवाली योगिता बाली खापर्डे को दी गई। अधिकारियों के निर्देश पर तत्काल पुलिस टीम गठित कर आरोपी की तलाश में उत्तर प्रदेश रवाना की गई।
पुलिस टीम ने आरोपी के घर पर दबिश दी, जहां वह मिल गया। पूछताछ में आरोपी ने पीड़िता को शादी का झांसा देकर तथा डराने-धमकाने के संबंध में अपराध स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, थाना प्रभारी सिटी कोतवाली, उप निरीक्षक उमेन्द्र मिश्रा, आरक्षक प्रकाश राठौर, महिला आरक्षक संतुका एवं विनोद राठौर का विशेष योगदान रहा।










































