हेमंत बघेल
भाटापारा। किसानों के खेतों में लगे बोरवेल पंप के केबल वायर और झटका मशीन चोरी करने वाले दो आरोपियों को भाटापारा ग्रामीण पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई एक झटका मशीन बरामद की है। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम अमलीडीह निवासी भुनेश्वर साहू ने 18 अगस्त 2026 को थाना भाटापारा ग्रामीण में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अमलीडीह कोसमारी खार स्थित उनके खेत के तीन बोरवेल में लगे पंप के केबल वायर चोरी हो गए हैं। इसके अलावा पड़ोसी तारकेश्वर यादव के खेत से झटका मशीन तथा मोहन ध्रुव के खेत से भी केबल वायर अज्ञात चोरों द्वारा काटकर चोरी कर लिए गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 10,100 रुपये बताई गई।
मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 473/2026 के तहत धारा 303(2), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने बीरेन्द्र माण्डले और उसके रिश्तेदार दीपक भारद्वाज को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि चोरी किए गए केबल वायर को जलाकर उसमें से निकला तांबा कबाड़ी के पास बेच दिया था और उससे मिले पैसों को शराब पीने में खर्च कर दिया। वहीं आरोपी बीरेन्द्र माण्डले की निशानदेही पर उसके घर से चोरी की गई एक झटका मशीन बरामद कर जब्त की गई।
पुलिस ने मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों आरोपियों को 19 अगस्त को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी:
बीरेन्द्र माण्डले, पिता राजेन्द माण्डले, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम खम्हरिया, थाना भाटापारा ग्रामीण।
दीपक भारद्वाज, पिता जेठूराम भारद्वाज, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम कुकदा, थाना भाटापारा ग्रामीण।
पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई से किसानों के खेतों में लगे कृषि उपकरणों की चोरी करने वाले तत्वों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई तेज होने का संदेश गया है।










































