हेमंत बघेल
जांजगीर-चांपा। थाना नवागढ़ क्षेत्र के अमोरा गांव में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि विवाद के दौरान युवक के साथ लोहे की रॉड, डंडे और हाथ में पहने चूड़ा से मारपीट की गई।

घटना में मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन को भी क्षतिग्रस्त किया गया। मामले में नवागढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना में एक विधि से संघर्षरत बालक के शामिल होने की भी जानकारी पुलिस ने दी है।
पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त 2026 को प्रार्थी और उसके साथियों को विवाद के संबंध में अमोरा स्थित शनि मंदिर के पास बुलाया गया था। वहां पहुंचने के बाद आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए विवाद शुरू कर दिया। इसी दौरान जान से खत्म करने की धमकी देते हुए युवक के साथ मारपीट की गई और लोहे की रॉड, डंडे तथा हाथ में पहने चूड़ा से हमला किया गया।
घटना की रिपोर्ट मिलने के बाद थाना नवागढ़ में अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार किए जाने की बात पुलिस ने कही है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड, डंडा और चूड़ा भी बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपी
देवव्रत सिंह उर्फ बिट्टू राजा
श्रेयाश सिंह उर्फ उमंग सिंह
हेमन्त कश्यप, निवासी ग्राम महंत, थाना नवागढ़
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी नवागढ़ निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय, ASI लम्बोदर सिंह बनाफर सहित थाना नवागढ़ स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।










































