हेमंत बघेल
बलौदाबाजार। ग्राम मुडियाडीह-खैंदा मेनरोड पर 65 वर्षीय वृद्ध केजराम ध्रुव की हत्या के मामले में बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर दिया है। थाना सिटी कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तकनीकी सर्विलांस एवं लोकेशन ट्रैकिंग की मदद से घटना के बाद फरार हुए विधि से संघर्षरत एक बालक को महासमुंद क्षेत्र से हिरासत में लिया है।

पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त 2026 की शाम ग्राम मुडियाडीह-खैंदा मेनरोड पर केजराम ध्रुव का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। सूचना पर सिटी कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मृतक के शरीर पर धारदार हथियार से गंभीर चोट के निशान मिले थे।
मृतक के पुत्र लकेश्वर ध्रुव की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 697/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
रुपये मांगने पर हुआ विवाद, गुप्ती से किया हमला
जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के रास्तों और संदिग्ध गतिविधियों का तकनीकी विश्लेषण किया। साइबर सेल की मदद से पुलिस को जानकारी मिली कि घटना के बाद एक विधि से संघर्षरत बालक बलौदाबाजार से रायपुर पहुंचा और वहां से बस के जरिए महासमुंद की ओर जाने की कोशिश कर रहा है।
पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर उसे महासमुंद क्षेत्र से हिरासत में लिया। पूछताछ में बालक ने कथित तौर पर हत्या करना स्वीकार किया।
पुलिस के मुताबिक, घटना के समय बालक मेनरोड पर बैठा था। इसी दौरान वृद्ध केजराम ध्रुव वहां से दूध बेचने के लिए गुजर रहे थे। बालक ने उन्हें रोककर रुपये मांगे। रुपये देने से इनकार करने पर विवाद बढ़ गया और बालक ने कथित रूप से अपने पास रखी गुप्ती से वृद्ध पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने के बाद वृद्ध की मौत हो गई, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से 24 घंटे में खुलासा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री गौरव राय के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने लगातार जांच की। पुलिस ने मुखबिर तंत्र के साथ तकनीकी सर्विलांस और लोकेशन ट्रैकिंग का इस्तेमाल करते हुए फरार बालक का पता लगाया और उसे पकड़ने में सफलता हासिल की।
पुलिस द्वारा विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई की जा रही है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।










































