हेमंत बघेल
जांजगीर-चांपा। थाना बलौदा क्षेत्र के सोनार मोहल्ले में घर में घुसकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नगदी चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में तीन विधि से संघर्षरत बालकों को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब ₹15.87 लाख कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और ₹7 हजार नगद बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, बलौदा निवासी नवीन सोनी अपने परिवार के साथ घर में सोए हुए थे। सुबह उठने पर कमरे की कुंडी बाहर से बंद मिली। दूसरे कमरे में जाकर देखने पर आलमारी का ताला और कुंडी टूटी हुई थी। आलमारी के लॉकर में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नगदी गायब मिले।
घटना की सूचना मिलने के बाद थाना बलौदा में अपराध क्रमांक 386/2026, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैण्डन यार्क एवं एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर सूचना और साइबर सेल की मदद से पुलिस संदेहियों तक पहुंची।
पूछताछ में आरोपियों ने विधि से संघर्षरत बालकों की मदद से घर में प्रवेश कर चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस के मुताबिक, चोरी किए गए जेवरात को संगीता जगत के सहयोग से बेचने की बात भी सामने आई। आरोपियों के मेमोरेण्डम के आधार पर चोरी का मसरूका बरामद किया गया।
बरामद सामान
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से रानी हार, चांदी की चैन, चोकर हार, सोने की नथ, ओम लॉकेट, सोने की अंगूठी, चांदी की पायल, सोने की धातु सहित अन्य जेवरात और ₹7,000 नगद बरामद किए हैं। बरामद मसरूका की कुल कीमत करीब ₹15.87 लाख बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपी
आयुष आदित्य उर्फ आशु, उम्र 26 वर्ष, निवासी बलौदा
जीतु देवार, उम्र 20 वर्ष, निवासी बलौदा
सुमित अग्रवाल, उम्र 41 वर्ष, निवासी अकलतरा — खरीददार
संगीता जगत, उम्र 36 वर्ष, निवासी बलौदा
मामले में तीन विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल पाए गए हैं।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा, साइबर प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा, सउनि रामदुलार साहू सहित थाना बलौदा एवं साइबर थाना जांजगीर की टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।










































