हेमंत बघेल
बलौदाबाजार। जिले के सिटी कोतवाली पुलिस ने ट्रकों से बैटरी चोरी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई दो बैटरियां, जिनकी कीमत करीब 21 हजार रुपये बताई गई है, और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल जब्त की गई है। पुलिस ने चोरी का शत-प्रतिशत सामान बरामद करने का दावा किया है।

ट्रांसपोर्ट यार्ड में खड़े ट्रक से चोरी हुई थी बैटरियां
पुलिस के अनुसार, निरंजन ट्रांसपोर्ट के मैनेजर गीरेन्द्र सिंह सेगर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि रिसदा रोड स्थित ट्रांसपोर्ट यार्ड में खड़े ट्रक क्रमांक CG 22 X 7702 से अज्ञात चोरों ने दो बड़ी बैटरियां चोरी कर ली हैं। शिकायत पर सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 810/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 3(5) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
शराब और पैसों के लिए बनाई थी चोरी की योजना
जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर केशव कुमार ध्रुव, सूरज यादव और धनंजय साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने बताया कि 27 सितंबर की रात तीनों ने शराब पीने और पैसों की जरूरत पूरी करने के लिए चोरी की योजना बनाई थी। इसके बाद मोटरसाइकिल से निरंजन ट्रांसपोर्ट के यार्ड पहुंचकर ट्रकों से दो बैटरियां चोरी कर लीं।
तीनों आरोपी गिरफ्तार, मोटरसाइकिल भी जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई दो बैटरियां और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त की है। तीनों आरोपियों को 28 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
केशव कुमार ध्रुव (26 वर्ष), निवासी ग्राम रिसदा।
सूरज यादव (28 वर्ष), निवासी ग्राम रिसदा।
धनंजय साहू उर्फ राजू (21 वर्ष), निवासी ग्राम रिसदा।
पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में सिटी कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की।










































