गोवर्धन यदु
तिल्दा-नेवरा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) तिल्दा नेवरा में विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. सिन्हा (BMO) के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों और स्वास्थ्यकर्मियों ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की।

अभियान के दौरान अस्पताल परिसर, ओपीडी क्षेत्र, वार्ड सहित आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की गई। स्वास्थ्यकर्मियों ने स्वच्छता के महत्व को रेखांकित करते हुए अस्पताल परिसर को स्वच्छ, सुरक्षित और मरीजों के अनुकूल बनाए रखने का संदेश दिया।

इस अवसर पर BMO डॉ. ए.के. सिन्हा ने कहा कि स्वच्छता स्वस्थ जीवन की पहली आवश्यकता है। स्वास्थ्य संस्थान में स्वच्छ वातावरण बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वच्छ अस्पताल से मरीजों और उनके परिजनों को बेहतर एवं सुरक्षित स्वास्थ्य वातावरण उपलब्ध होता है।
उन्होंने अधिकारी-कर्मचारियों से अस्पताल परिसर में नियमित स्वच्छता बनाए रखने, जैव-चिकित्सकीय अपशिष्ट का उचित निपटान करने तथा स्वच्छता संबंधी नियमों का पालन करने की अपील की।
स्वच्छता अभियान में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तिल्दा नेवरा के चिकित्सकों, अधिकारी-कर्मचारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। इस दौरान सभी ने स्वच्छ एवं स्वस्थ अस्पताल परिसर बनाए रखने का संकल्प लिया।










































