गोवर्धन यदु
तिल्दा-नेवरा। सिमगा नगर के बेमेतरा चौक से शिवनाथ नदी तक बजरंग पावर प्लांट की पाइपलाइन विस्तार को लेकर बनी संशय की स्थिति अब दूर हो गई है। नगर पालिका परिषद ने एनओसी की शर्तों के अनुसार तिल्दा मार्ग से होकर प्लांट तक जाने वाली पाइपलाइन को विच्छेद कर बंद कर दिया है। वहीं, बेमेतरा मार्ग से पाइपलाइन विस्तार का कार्य जारी है।

दरअसल, तिल्दा मार्ग पर पाइपलाइन बंद होने से पहले नागरिकों के बीच यह चर्चा थी कि बजरंग पावर प्लांट द्वारा शिवनाथ नदी से पानी की आपूर्ति के लिए दूसरा पंप हाउस बनाकर दोबारा पानी की सप्लाई की जा रही है। अब तिल्दा मार्ग की पाइपलाइन बंद किए जाने के बाद इस संबंध में बनी संशय की स्थिति दूर हो गई है।
इस संबंध में मुख्य नगर पालिका अधिकारी शशिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि पहले तिल्दा मार्ग से बजरंग पावर प्लांट तक पानी की आपूर्ति की जा रही थी, जिसे एनओसी की शर्तों के अनुसार बंद कर दिया गया है। अब बेमेतरा मार्ग से पाइपलाइन विस्तार का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पंचनामा तैयार करने के बाद नगर पालिका अध्यक्ष हरदीप सिंह राजू भाटिया, उपाध्यक्ष तथा निर्वाचित एवं मनोनीत पार्षदों की उपस्थिति में तिल्दा मार्ग की पाइपलाइन को विच्छेद कर बंद किया गया है।
सीएमओ ने नागरिकों से की अपील
मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के भ्रम में न रहें। नगर पालिका परिषद जन आकांक्षाओं के प्रति सजग है और गर्मी के दिनों में भी नागरिकों को पेयजल की किल्लत नहीं होने दी जाएगी।










































