हेमंत बघेल
बलौदाबाजार। नाबालिग पीड़िता का पीछा करने और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Instagram पर उसकी फोटो पोस्ट कर उसे परेशान करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 19 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, नाबालिग पीड़िता ने अपने परिजनों के साथ थाना सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी गजेंद्र डांडे उसका आते-जाते समय पीछा करता था। पीड़िता द्वारा बातचीत नहीं करने पर आरोपी ने उसे बदनाम करने की नीयत से Instagram पर उसकी फोटो पोस्ट कर परेशान किया।
शिकायत के आधार पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 703/2026 दर्ज कर धारा 78, 79 बीएनएस एवं धारा 12 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला कायम किया गया। पुलिस टीम ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने पर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त किया गया।
पुलिस ने आरोपी गजेंद्र डांडे, पिता अशोक डांडे, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम गैतरा, थाना सिटी कोतवाली को 23 अगस्त 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की गई।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री गौरव राय के निर्देशन में महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में त्वरित एवं सख्त कार्रवाई के तहत की गई।










































