हेमंत बघेल
बलौदाबाजार। शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के हलवाई खपरी के पास रविवार दोपहर एक तेज रफ्तार माजदा वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई। हादसे में वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल जिला अस्पताल बलौदाबाजार पहुंचाकर भर्ती कराया।

पुलिस के अनुसार, घटना दोपहर करीब 3 बजे की है। कंट्रोल रूम से सूचना मिलने पर डायल-112 बाज-02 में तैनात आरक्षक राजेश लकड़ा और वाहन चालक दुर्गेश साहू तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए। मौके पर पहुंचने पर माजदा वाहन सड़क से नीचे उतरा मिला और चालक केबिन में फंसा हुआ था।

घायल की पहचान शेखर निषाद (24 वर्ष), निवासी हलवाई खपरी, थाना सिटी कोतवाली के रूप में हुई। दुर्घटना में उसके पैर और आंख के पास गंभीर चोटें आई थीं तथा काफी रक्तस्राव हो रहा था।
डायल-112 टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से चालक को सुरक्षित बाहर निकाला और बिना समय गंवाए जिला अस्पताल बलौदाबाजार पहुंचाया। अस्पताल में उसे इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस ने बताया कि हादसा वाहन के अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर जाने के कारण हुआ। समय पर डायल-112 टीम की त्वरित कार्रवाई से घायल को “गोल्डन आवर” में उपचार मिल सका, जिससे बड़ा खतरा टल गया।




