हेमंत बघेल
जांजगीर-चांपा। रक्षाबंधन पर्व के दौरान चांपा थाना क्षेत्र के रामबांधा तालाब के पास से चोरी हुई मोटरसाइकिल के मामले में थाना चांपा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब ₹40 हजार कीमत की चोरी की पैशन प्लस मोटरसाइकिल क्रमांक CG 11 BS 9837 बरामद की है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान देवव्रत मन्नेवार (31 वर्ष), निवासी सुखरी खुर्द, थाना उरगा, जिला कोरबा के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक प्रार्थी रविन्द्र कुमार देवांगन, निवासी ग्राम खिसोरा, थाना बलौदा, 28 अगस्त को रक्षाबंधन पर्व पर फरसवानी गया था। वापसी के दौरान रात करीब 9 से 10 बजे के बीच उसने अपनी मोटरसाइकिल रामबांधा तालाब के पास खड़ी की और कुछ देर के लिए चला गया। वापस लौटने पर मोटरसाइकिल मौके से गायब मिली।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 455/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति तहसील रोड के पास चोरी की मोटरसाइकिल बेचने की फिराक में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी देवव्रत मन्नेवार को चोरी की मोटरसाइकिल सहित पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, प्र.आर. नरसिंह बर्मन, म.प्र.आर. पुष्पलता साहू, आरक्षक गौरीशंकर राय एवं रघुवीर यादव सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।










































