हेमंत बघेल
कसडोल। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर बहन के घर राखी बंधवाने और रक्षासूत्र पहुंचाने जा रहे एक भाई के साथ सड़क हादसा हो गया। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे बेहोशी की हालत में पड़ा था। सूचना मिलते ही डायल 112 कसडोल की टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर घायल को अस्पताल पहुंचाया, जिससे उसकी जान बच सकी। वर्तमान में घायल खतरे से बाहर बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, आज दोपहर करीब 3:40 बजे ग्राम आमोदी से डायल 112 कसडोल को सूचना मिली कि आमोदी-गिरौदपुरी मार्ग के किनारे एक व्यक्ति लहूलुहान हालत में बेहोश पड़ा है। सूचना मिलते ही आरक्षक आशुतोष बंजारे और चालक केशव प्रसाद साहू तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए।

मौके पर पहुंचकर पुलिस टीम ने आसपास के लोगों से घटना की जानकारी ली। पता चला कि हिरसिंग पैकरा (40 वर्ष), पिता घोगिया पैकरा, निवासी देवरीकला, कसडोल अपनी बहन के यहां ग्राम दर्रा (गिरौदपुरी) राखी बंधवाने और रक्षासूत्र पहुंचाने के लिए अपने साथी पिरस यादव (34 वर्ष), पिता घसिया यादव, निवासी देवरीकला के साथ मोटरसाइकिल क्रमांक CG 11 AK 6088 से जा रहे थे।

इसी दौरान रास्ते में अचानक एक जहरीला सांप सामने आ गया। सांप को बचाने के प्रयास में मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में पीछे बैठा साथी भी चालक के ऊपर जा गिरा। दुर्घटना में हिरसिंग पैकरा के सिर, चेहरे, सीने और पैर में गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही बेहोश हो गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डायल 112 की टीम ने बिना देरी किए घायल हिरसिंग पैकरा को अपनी गाड़ी में बैठाया। उसके साथी पिरस यादव को भी साथ लेकर दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कसडोल पहुंचाया गया।
बताया गया कि अस्पताल ले जाते समय हिरसिंग पैकरा बेहोश था। समय पर अस्पताल पहुंचने और चिकित्सकीय उपचार मिलने के बाद उसकी स्थिति में सुधार हुआ। चिकित्सकों के अनुसार अब वह खतरे से बाहर है और उसका इलाज जारी है।
रक्षाबंधन के दिन डायल 112 की टीम द्वारा दिखाई गई तत्परता से एक परिवार पर आने वाली बड़ी अनहोनी टल गई। समय पर मिली मदद से घायल भाई को उपचार मिल सका और उसकी बहन की कलाई सूनी होने से बच गई।
सड़क सुरक्षा संदेश: वाहन चलाते समय हमेशा गति नियंत्रित रखें। सड़क पर अचानक आने वाले सांप, पशु या अन्य अवरोधों से बचने के दौरान अचानक ब्रेक या तेज मोड़ लेने से दुर्घटना हो सकती है। यातायात नियमों का पालन करते हुए सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं।










































