हेमंत बघेल
बलौदाबाजार-भाटापारा। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने और आदतन अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के तहत सुहेला पुलिस ने सोलर प्लांट में चोरी करने वाले एक शातिर चोर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से सोलर पैनल, केबल वायर और चोरी में प्रयुक्त तार कटर बरामद किया गया है। आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त 2026 को एक व्यक्ति सोलर प्लांट की फेंसिंग तार के नीचे से अंदर घुसकर सोलर पैनल एवं केबल वायर काटकर चोरी कर भाग रहा था। सूचना मिलने पर सिक्योरिटी गार्ड एवं अन्य लोगों की मदद से आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रामप्रसाद मरावी (35 वर्ष), पिता शोभाराम मरावी, निवासी ग्राम भुरकुर, थाना गुगरी, जिला मंडला (मध्यप्रदेश), हाल पता बीरगांव, रायपुर बताया। मामले में प्रार्थी अमित कुमार टंडन की रिपोर्ट पर थाना सुहेला में अपराध क्रमांक 149/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने तार कटर की मदद से सोलर पैनल एवं केबल काटकर चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने गवाहों के समक्ष उसके कब्जे से 01 सोलर पैनल कीमत लगभग ₹8,000, 20 मीटर केबल वायर कीमत लगभग ₹1,100 तथा घटना में प्रयुक्त 01 तार कटर जब्त किया। जब्त सामान की कुल कीमत लगभग ₹9,100 बताई गई है।
जांच के दौरान आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी चोरी एवं अन्य धाराओं के तहत कुल तीन आपराधिक प्रकरण दर्ज होना पाया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को 19 अगस्त 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेजने की कार्रवाई की गई।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री गौरव राय के निर्देशन में थाना सुहेला पुलिस द्वारा की गई।










































