बलौदाबाजार। थाना पलारी क्षेत्र अंतर्गत प्रकाश ढाबा, घोटिया के पास 01-02 जुलाई 2026 की दरमियानी रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई।

मृतकों की पहचान सत्यप्रकाश सोनवानी (34 वर्ष), पिता उत्तरा कुमार, निवासी खोरसीनाला, लवन रोड, थाना सिटी कोतवाली तथा गोपी किशन आडिल (25 वर्ष), पिता तुम्मन आडिल, निवासी ग्राम सोनपुरी, थाना सिटी कोतवाली के रूप में हुई है। दोनों संडी शराब दुकान में कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे।
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है। हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।




