रायपुर, 2 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ में मानसून ने अब रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है। पिछले 24 घंटों के दौरान बस्तर और सरगुजा संभाग के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार 2 से 7 जुलाई के बीच प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी और कई स्थानों पर भारी से अति भारी वर्षा होने की संभावना है।

यहां हो रही अच्छी बारिश बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर, कांकेर, नारायणपुर, कोंडागांव सहित दक्षिण छत्तीसगढ़ के जिलों में लगातार बारिश का दौर शुरू हो गया है। सरगुजा संभाग के कुछ हिस्सों में भी अच्छी वर्षा दर्ज की गई है।

इन जिलों में बारिश कम रायपुर, दुर्ग, बलौदाबाजार-भाटापारा, महासमुंद, जांजगीर-चांपा, सक्ती, कोरबा, बिलासपुर, मुंगेली, बेमेतरा, कबीरधाम और आसपास के कई जिलों में अब तक सामान्य से कम बारिश हुई है। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो से तीन दिनों में इन क्षेत्रों में भी बारिश की गतिविधियां तेज होंगी।
कब और कहां होगी बारिश? मौसम विभाग के अनुसार 2 से 5 जुलाई के बीच प्रदेश के अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। 3 से 7 जुलाई के दौरान मध्य और मैदानी छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर तेज हवाएं और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
किसानों के लिए राहत बारिश बढ़ने से धान की बुवाई में तेजी आने की उम्मीद है। जून में कम वर्षा के कारण खेती प्रभावित हुई थी, लेकिन जुलाई के पहले सप्ताह में अच्छी बारिश किसानों के लिए राहत लेकर आ सकती है।
मौसम विभाग की सलाह
गरज-चमक के दौरान खुले मैदान में न रहें।
नदी-नालों के पास जाने से बचें।
किसान मौसम को देखते हुए कृषि कार्य की योजना बनाएं।
बिजली गिरने की चेतावनी पर सुरक्षित स्थान पर शरण लें।




