हेमंत बघेल
जांजगीर-चांपा। जिले में सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत बनाने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस लगातार जनजागरूकता अभियान चला रही है। इसी क्रम में थाना बिर्रा क्षेत्र के ग्राम करही स्थित हाई स्कूल में साइबर सुरक्षा एवं नए आपराधिक कानूनों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं, सरस्वती शिशु मंदिर बिर्रा में विद्यार्थियों को खेल सामग्री वितरित कर शिक्षा के साथ खेल भावना को भी प्रोत्साहित किया गया।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में डीएसपी अजाक सतरूपा तारम ने छात्र-छात्राओं को भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) तथा भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, डिजिटल अरेस्ट, OTP साझा करने के खतरे, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा साइबर अपराधों से बचाव के प्रभावी उपायों के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही यह भी समझाया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत या बैंकिंग संबंधी जानकारी साझा न करें। यदि किसी प्रकार की साइबर ठगी या अपराध का सामना करना पड़े तो तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन या निकटतम पुलिस थाने से संपर्क करें।

डीएसपी सतरूपा तारम ने कहा कि डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। बच्चों में कानूनी जागरूकता और डिजिटल सुरक्षा की समझ विकसित करना ही इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधिकारियों ने सरस्वती शिशु मंदिर, बिर्रा के विद्यार्थियों को खेल सामग्री वितरित की। इस पहल से बच्चों में खेल के प्रति उत्साह देखने को मिला और पुलिस के प्रति सकारात्मक जुड़ाव भी मजबूत हुआ।




