हेमंत बघेल
भाटापारा/बलौदाबाजार। थाना भाटापारा ग्रामीण पुलिस ने ग्राम कैथी में घर के अंदर घुसकर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने वाले एक ही परिवार के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में एक महिला, उसका पति और दोनों पुत्र शामिल हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी सुरेश आडिल निवासी ग्राम कैथी ने 21 मई 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि गांव में नाली निर्माण भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान उसने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ईश्वरी आनंद के खिलाफ आंगनबाड़ी में अनियमितता की शिकायत की थी। इसी बात से नाराज होकर आरोपियों ने रंजिश रख ली।
रिपोर्ट में बताया गया कि उसी दिन रात करीब 7:30 बजे आरोपिया ईश्वरी आनंद अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ प्रार्थी के घर में घुस गई और अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने बांस की बल्ली, हाथ-मुक्के से प्रार्थी के साथ मारपीट की।
मामले में थाना भाटापारा ग्रामीण पुलिस ने अपराध क्रमांक 270/2026 के तहत धारा 296, 115(2), 351(3), 333, 331(4), 191(2), 191(3), 190 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की।
पुलिस अधीक्षक श्री ओ.पी. शर्मा के निर्देशन में पुलिस टीम ने गांव में पूछताछ और जांच के बाद चारों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने आंगनबाड़ी अनियमितता की शिकायत से नाराज होकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं —
संतु राम आनंद (50 वर्ष), ईश्वरी बाई आनंद (48 वर्ष), कमल आनंद (22 वर्ष), कल्याण आनंद (18 वर्ष)
सभी आरोपी ग्राम कैथी थाना भाटापारा ग्रामीण के निवासी हैं। पुलिस द्वारा चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।




