हेमंत बघेल
जांजगीर-चांपा। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नाबालिग बालिका की इंस्टाग्राम के माध्यम से सागर रात्रे (27 वर्ष), निवासी चंण्डीपारा, थाना पामगढ़ से पहचान हुई थी। आरोप है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत पर थाना पामगढ़ में संबंधित धाराओं एवं बाल संरक्षण से जुड़े प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन एवं थाना प्रभारी पामगढ़ निरीक्षक सावन सारथी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने कुछ ही घंटों के भीतर ग्राम चंण्डीपारा से आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ एवं आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है तथा प्रकरण में आवश्यक साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं।
कार्रवाई में इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में सउनि प्रमोद महार, मप्रआर मंजू सिंह, प्रधान आरक्षक केदार साहू, रामलाल मार्कडेय, आरक्षक बेदराम पटेल, लक्ष्मीकांत लहरे तथा मआर मोनिका जोगी का सराहनीय योगदान रहा।
नोट: पीड़िता नाबालिग है। उसकी पहचान कानूनन गोपनीय रखी गई है। इस समाचार में लगाए गए आरोप पुलिस की प्राथमिकी एवं प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित हैं। मामले का अंतिम निर्णय न्यायालय द्वारा किया जाएगा।)




