गिधौरी। थाना गिधौरी क्षेत्र के ग्राम नरधा स्थित राइस मिल के पास गुरुवार शाम एक बाइक सवार युवक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गया, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही थाना गिधौरी की डायल 112 टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजकर समय रहते उपचार उपलब्ध कराया।

पुलिस के अनुसार, शाम करीब 6:30 बजे डायल 112 को सूचना मिली कि ग्राम नरधा राइस मिल के पास एक मोटरसाइकिल चालक दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम घटनास्थल पर पहुंची, जहां कॉलर ने बताया कि उसका भाई महेंद्र कुर्रे, निवासी ग्राम नवरंगपुर, बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया है।

घायल की हालत को देखते हुए डायल 112 टीम ने बिना देर किए एम्बुलेंस की सहायता से उसे बेहतर उपचार के लिए अस्पताल रवाना किया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते घायल को समय पर चिकित्सीय सहायता मिल सकी।
इस सराहनीय कार्य में डायल 112 टीम के आरक्षक कमलेश बर्मन एवं चालक रूपेश साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की तत्परता की सराहना की।




