हेमंत बघेल
कसडोल। जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत कोट में सोमवार को नव निर्वाचित सरपंच अनीता केवट सहित 16 पंचों ने शपथ ग्रहण किया। जनपद पंचायत के अधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित शपथ ग्रहण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।

गौरतलब है कि पंचायत चुनाव के दौरान ग्राम पंचायत कोट के ग्रामीणों द्वारा चुनाव का बहिष्कार किया गया था, जिसके चलते यहां नियमित चुनाव प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी थी। इसके बाद 1 जून को उपचुनाव कराया गया, जिसमें ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने जनप्रतिनिधियों का चुनाव किया।
उपचुनाव संपन्न होने के 21 दिन बाद सोमवार को नव निर्वाचित सरपंच अनीता केवट एवं राजकुमारी वर्मा, प्रहलाद घृतलहरे, धनेश कर्ष, बसंती कर्ष, जानकी देवी पैकरा, सेवती देवी पैकरा, दयाराम केवट, रेवाराम , श्याम कुमारी केवट, संतोषी केवट, सुन्दर लाल यादव, प्रमिला साहू, क्रांति मीरी, ललिता पटेल, चन्द्रदीप साहू, कृष्ण कुमार साहू पंचों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण के दौरान जनपद पंचायत के अधिकारियों ने सभी जनप्रतिनिधियों को पंचायत के विकास, पारदर्शिता और जनहित को प्राथमिकता देते हुए कार्य करने की सलाह दी।
शपथ लेने के बाद नव निर्वाचित सरपंच अनीता केवट ने ग्राम पंचायत के समग्र विकास, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार तथा ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने नव निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। शपथ ग्रहण समारोह शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।




