हेमंत बघेल
भाटापारा। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले की भाटापारा शहर पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र के गोंदिया से ट्रेन के माध्यम से शराब लाकर शहर में खपाने वाले अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 130 पाव (11.7 लीटर) देशी संतरा शराब, नगदी और परिवहन में इस्तेमाल की गई होंडा एक्टिवा स्कूटी जब्त की है।

पुलिस अधीक्षक गौरव राय (IPS) के निर्देश पर मुखबिर की सूचना के आधार पर महासती वार्ड निवासी ओमप्रकाश उर्फ बबला पंजवानी के घर दबिश दी गई। तलाशी के दौरान घर में छिपाकर रखे गए बैग से 100 पाव नागपुर डिस्टिलर्स की सीलबंद देशी शराब बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि विक्रम थरानी उसे पैसे देकर ट्रेन से महाराष्ट्र के गोंदिया भेजता था। वह वहां से शराब खरीदकर ट्रेन से भाटापारा लाता और स्कूटी के जरिए शहर में सप्लाई करता था।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने विक्रम थरानी के किराए के मकान में भी छापा मारा, जहां से 30 पाव देशी शराब और शराब बिक्री की ₹300 नगद राशि बरामद की गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 130 पाव (11.7 लीटर) देशी शराब, ₹300 नकद तथा लगभग ₹26 हजार कीमत की होंडा एक्टिवा (CG 22 T 3921) जब्त की है। आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।




