हेमंत बघेल
कसडोल। जनपद पंचायत कसडोल अंतर्गत ग्राम पंचायत कोट क में सरपंच पद के लिए हुए उपचुनाव का मतदान सोमवार को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। मतदान सुबह 7 बजे प्रारंभ होकर शाम 3 बजे तक चला। चुनाव को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस बल और प्रशासनिक अमला पूरे समय तैनात रहा।

चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए तहसीलदार विवेक पटेल एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी कमलेश साहू लगातार मतदान केंद्रों का निरीक्षण करते रहे। उपचुनाव में मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए बढ़-चढ़कर मतदान किया।

सरपंच पद के लिए कुल चार प्रत्याशी मैदान में थे। मतगणना के बाद अनीता केवट (चश्मा छाप) ने कुल 610 मत प्राप्त कर शानदार जीत दर्ज की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी लोकेश्वर पंकज (गिलास छाप) को 250 मत मिले। वहीं मेमिन पैकरा (नारियल छाप) को 194 तथा संतोष साहू (बोरिंग छाप) को 14 मत प्राप्त हुए।

उपचुनाव के लिए दो मतदान केंद्र क्रमांक 89 और 90 बनाए गए थे। मतदान केंद्र क्रमांक 89 में कुल 510 मत पड़े, जिनमें 267 महिला एवं 243 पुरुष मतदाता शामिल रहे। इस केंद्र में 14 मत निरस्त हुए। यहां अनीता केवट को 294, लोकेश्वर पंकज को 87, मेमिन पैकरा को 105 तथा संतोष साहू को 10 मत प्राप्त हुए।
वहीं मतदान केंद्र क्रमांक 90 में कुल 619 मत पड़े, जिनमें 326 महिला एवं 293 पुरुष मतदाता शामिल रहे। इस केंद्र में 47 मत निरस्त हुए। यहां अनीता केवट को 316, लोकेश्वर पंकज को 163, मेमिन पैकरा को 89 तथा संतोष साहू को 4 मत प्राप्त हुए।
अनीता केवट की जीत के बाद समर्थकों में खुशी का माहौल रहा। ग्रामीणों और समर्थकों ने उन्हें बधाई देते हुए ग्राम पंचायत के विकास के लिए बेहतर कार्य करने की उम्मीद जताई।




