हेमंत बघेल
रायपुर/भानुप्रतापपुर। छत्तीसगढ़ी रैप संगीत की दुनिया से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय और शुरुआती रैप कलाकारों में गिने जाने वाले एप्पी राजा (Appy Raja) का रायपुर एम्स में उपचार के दौरान निधन हो गया। बताया जा रहा है कि उनकी तबीयत खराब होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। इस खबर के सामने आते ही उनके प्रशंसकों और संगीत प्रेमियों में शोक की लहर दौड़ गई है।

एप्पी राजा मूल रूप से कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर क्षेत्र के रहने वाले थे। उन्होंने छत्तीसगढ़ी भाषा और संस्कृति को रैप संगीत के माध्यम से नई पहचान दिलाई। उनके गीतों ने युवाओं के बीच अलग पहचान बनाई और उन्हें प्रदेश के पहले चर्चित छत्तीसगढ़ी रैप कलाकारों में शामिल किया जाता रहा। उनके कई गीत सोशल मीडिया और यूट्यूब पर लाखों-करोड़ों बार देखे गए।
एप्पी राजा ने अपने गीतों के जरिए छत्तीसगढ़ की बोली, संस्कृति और युवाओं की भावनाओं को मंच दिया। “रसगुल्ला”, “सीजी एंथम”, “भोको लोलो” सहित अनेक गीतों ने उन्हें घर-घर तक पहुंचाया और बड़ी फैन फॉलोइंग दिलाई।
उनके निधन की खबर मिलते ही भानुप्रतापपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में उनके प्रशंसकों की आंखें नम हो गईं। सोशल मीडिया पर लोग उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए उनके गीतों और योगदान को याद कर रहे हैं। संगीत जगत से जुड़े कलाकारों और उनके चाहने वालों ने इसे छत्तीसगढ़ी कला जगत की अपूरणीय क्षति बताया है।
एप्पी राजा अब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी आवाज, उनके गीत और छत्तीसगढ़ी रैप को दी गई नई पहचान हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहेगी।
भावपूर्ण श्रद्धांजलि। 🕯️💐




