हेमंत बघेल
सांकरा। समाजसेवा के उद्देश्य से मारवाड़ी युवा मंच, सांकरा शाखा ने अपने राष्ट्रव्यापी ‘शिक्षा साथी अभियान’ के तहत स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर में विद्यार्थियों को निःशुल्क नोटबुक, कंपास बॉक्स और पेन वितरित किए। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति ने मंच के पदाधिकारियों का गर्मजोशी से स्वागत एवं सम्मान किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंच के अध्यक्ष शुभम सिंघल ने कहा कि शिक्षा समाज के विकास की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने और उपलब्ध संसाधनों का सदुपयोग करने की प्रेरणा दी। साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए ‘वृक्षारोपण अभियान’ से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी अपने घर या विद्यालय में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाए, ताकि पर्यावरण संरक्षण में सभी की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
इस अभियान को सफल बनाने में मंच के सचिव सोनू गोयल, सह-सचिव दिनेश अग्रवाल, कोषाध्यक्ष कमल अग्रवाल, वरिष्ठ सदस्य पंकज अग्रवाल एवं दीपक अग्रवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्यक्रम में शाला प्रबंधक समिति के पूर्व व्यवस्थापक एवं वर्तमान सह-संयोजक गजेंद्र चौधरी, पूर्व अध्यक्ष योगेश्वर प्रधान, समिति सदस्य मनोज प्रधान, प्रधानाचार्य धरणीधर कर, सह-प्रधानाचार्य नरेश साहू सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। अंत में शाला परिवार ने मारवाड़ी युवा मंच की इस सामाजिक एवं प्रेरणादायी पहल की सराहना करते हुए सभी पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।










































